कुंदन कुमार/पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने एक बार फिर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती और उसके बाद पुन: बहाली को लेकर सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। एजाज अहमद ने इसे राजनीतिक विद्वेष और बदले की भावना से प्रेरित कदम करार दिया है।

​सुरक्षा को नौटंकी बताकर घेरा

​प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि जिस तरह से लालू यादव और राबड़ी देवी की जेड श्रेणी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा को लेकर सरकार ने जो नौटंकी की वह अब पूरी तरह से बेनकाब हो चुकी है। राजद प्रवक्ता के अनुसार जब सुरक्षा में कटौती की गई थी तब लालू-राबड़ी ने इसे स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया था जिसके बाद सरकार को बैकफुट पर आकर पुनः सुरक्षा बहाल करनी पड़ी।

​सरकारी आवास पर भी तंज

​सुरक्षा के अलावा राजद नेताओं ने लालू परिवार से सरकारी आवास खाली कराए जाने के मुद्दे पर भी सरकार को निशाने पर लिया। एजाज ने कहा कि आवास को लेकर जिस तरह की राजनीति की गई वह जनता ने देखा है। हमारे नेताओं ने शालीनता दिखाते हुए बिना किसी विवाद के आवास खाली कर दिया लेकिन यह पूरी कवायद केवल राजनीतिक प्रतिशोध निकालने के लिए की गई थी।

​सरकार की मंशा पर सवाल

​एजाज अहमद ने कहा कि सुरक्षा बहाल करना इस बात का सबूत है कि सरकार ने पहले जानबूझकर सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज किया था। उन्होंने कहा यह पूरी तरह से बदले की राजनीति है। सरकार ने पहले सुरक्षा हटाई और जब जनता के आक्रोश और विपरीत परिस्थितियों को देखा तो वे अपनी गलती सुधारने पर मजबूर हुए। सरकार की यह दोहरी नीति उनकी मंशा को साफ दर्शाती है।

​जनता तय करेगी भविष्य

​अंत में राजद प्रवक्ता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और सब समझ रही है। समय आने पर इसका उचित जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता का अहंकार अस्थाई है लेकिन जनता की याददाश्त स्थाई होती है। राजद अब इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगा और सरकार की विफलताओं को उजागर करेगा।