कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने पहुंचे मनेर से राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ा बयान दिया। भाई वीरेंद्र ने कहा कि, नए मुख्यमंत्री बने हैं। अभी मात्र नौ दिन ही हुआ है। हम चाहेंगे ये सरकार अपराध पर लगाम लगाए। अपराधी का मनोबल बहुत बढ़ा हुआ है, उसको खत्म करने का कोशिश किया जाए, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।

राज्य का खजाना खाली- भाई वीरेंद्र

राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने आगे कहा कि, राज्य का खजाना खाली है। कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है। फिर भी सरकार कुछ से कुछ बोल रही है, जो कि गलत है। सरकार इसको लेकर जवाब दे और कर्मचारी के वेतन पेंशन सही समय पर देने का काम करे। उन्होंने कहा कि, सरकार के कार्य को पहले हम देखेंगे फिर कुछ कहेंगे।

बहुमत साबित करने के लिए विशेष सत्र

गौरतलब है कि बिहार में नई सरकार का गठन होने के बाद आज 24 अप्रैल को बहुमत परीक्षण करने के लिए विशेष सत्र बुलाया गया है। 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए के पास 201 विधायकों का समर्थन है, जिससे सरकार के बहुमत में होने की संभावना है।

किसने क्या कहा?

विशेष सत्र में भाग लेने पहुंचे LJP (रामविलास) प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजू तिवारी ने बिहार विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पर कहा कि, आज फ्लोर टेस्ट है, यह प्रक्रिया है। हमारी 202 सीटें हैं। कोई दिक्कत नहीं है। हम सब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में काम करेंगे। राज्यसभा चुनाव में भी आपने देखा होगा कि विपक्ष के लोग अपने नेता के नेतृत्व में अपना भविष्य नहीं देख रहे हैं।

वहीं, भाजपा नेता दीलिप जयस्वाल ने विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पर कहा कि, यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है, उसका पालन किया जा रहा है। हमारा तो बहुमत है ही… हम संवैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।

AIMIM बिहार अध्यक्ष सह विधायक अख्तरुल ईमान ने फ्लोर टेस्ट पर कहा कि, वे (सम्राट चौधरी) NDA के मुख्यमंत्री हैं, उन्हें क्या दिक्कत है? वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव में मतदान पर उन्होंने कहा कि, यह अच्छा संकेत है कि लोगों ने अच्छा मतदान किया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Vidhansabha Session: ‘पगड़ी खोज के रखिए सम्राट जी’, विशेष सत्र के दौरान तेजस्वी का बड़ा बयान