कुंदन कुमार, पटना। बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर बीजेपी कार्यालय में विधायक दल की बैठक चल रही है। नीतीश कुमार अब से कुछ देर में सीएम पद से अपना इस्तीफा दे देंगे। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी से सम्राट चौधरी का सीएम बनना तय माना जा रहा है। फिलहाल केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बीजेपी विधायकों के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक के बाद इसका औपचारिक ऐलान भी हो जाएगा। इस बीच राजद सांसद मनोज झा का बड़ा बयान सामने आया है।

यह तो घोर बेईमानी है- राजद सांसद

राजद सांसद मनोज झा ने दिल्ली में न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि, मेरा सवाल है कि क्या उनका (नीतीश कुमार) कार्यकाल आज समाप्त होना था? अगर कार्यकाल अप्रैल 2026 में खत्म होना था, तो 25 से 30 फिर से नीतीश, इस नारे का क्या मतलब था? यह तो घोर बेईमानी है। इसके बाद जो भी कोई मुख्यमंत्री बनेगा, वो अधिदेशित मुख्यमंत्री नहीं होगा।

लालू यादव के पड़ोसी बनेंगे नीतीश

बता दें कि अब से थोड़ी देर में 3:15 बजे नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार आज रात को ही 1 अणे मार्ग सीएम हाउस को खाली कर 7 सर्कुलर रोड आवास में शिफ्ट हो सकते हैं। गौरतलब है कि उनका सामान पहले ही शिफ्ट किया जा चुका है। 7 सर्कुलर रोड आवास में शिफ्ट होने के साथ ही नीतीश कुमार लालू यादव के पड़ोसी बन जाएंगे, जहां से राबड़ी आवास महज दो घर बाद ही है। दोनों बंगलों के बीच की दूरी करीब 200 मीटर है।

बिहार को मिलेगा बीजेपी का पहला सीएम

नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद कल 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। वहीं, इसके अलावा बिहार की इस नई सरकार में दो डिप्टी सीएम पद भी शपथ लेंगे। जदयू से निशांत कुमार और विजय चौधरी डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां तेज हैं। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कल पीएम मोदी भी पटना पहुंच सकते हैं। गौरतलब है कि बिहार की राजनीति में यह पहला अवसर होगा जब बीजेपी से कोई प्रदेश का सीएम बनेगा।

ये भी पढ़ें- ‘…अभी और बदलेंगे चेहरे’, नीतीश के इस्तीफे से पहले कांग्रेस सांसद का बड़ा बयान, बोले- जनता के साथ हुआ धोखा