कुंदन कुमार/पटना। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। इसी बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने एक जोरदार बयान देकर विपक्षी खेमे में हलचल मचा दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार बांकीपुर की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और राजद का साथ देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

​बांकीपुर की जनता अब किसी की गुलाम नहीं

​शक्ति सिंह यादव ने भाजपा पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता अब जाग चुकी है। उन्होंने उन नेताओं को आड़े हाथों लिया जो जातिगत समीकरणों के भरोसे अपनी जीत सुनिश्चित मान रहे हैं। यादव ने कहा जो लोग यह दावा करते हैं कि ब्राह्मण, कायस्थ और अन्य समुदाय पूरी तरह उनके साथ हैं, इस बार उनकी आंखें खुल जाएंगी। बांकीपुर की जनता किसी की बंधुआ या गुलाम नहीं है कि वह हमेशा एक ही दिशा में वोट करेगी। उन्होंने आगे कहा कि जनता अब विकास और जन-मुद्दों पर वोट करने का मन बना चुकी है।

अभी तो सिर्फ शुरुआत है, असली जंग बाकी है

​शक्ति सिंह यादव ने तंज कसते हुए कहा कि राजद ने अभी तो महज चुनावी शंखनाद किया है, अभी असली मुकाबला बाकी है। उन्होंने कहा हमने अभी केवल मंदिर की घंटी बजाई है मस्जिद का तंबू तानना तो अभी बाकी है। विपक्षी दल, विशेषकर भाजपा, अभी से ही बेचैन हो रही है। अभी तो चुनावी रणभेरी बजी है, असली चुनावी समर अभी बाकी है।

​भाजपा की घेराबंदी पर बोले यादव

​शक्ति सिंह यादव ने कहा कि भाजपा ने बांकीपुर में प्रचार के लिए जो चालीस लोगों की फौज तैयार कर रखी है वह पूरी तरह बेअसर साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि अभी राजद के बड़े स्टार प्रचारक मैदान में नहीं उतरे हैं। जैसे ही राजद का धुंआधार चुनाव प्रचार शुरू होगा भाजपा की पूरी रणनीति ध्वस्त हो जाएगी। यादव ने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता इस बार राजद के उम्मीदवार को अपना आशीर्वाद देकर भारी मतों से विजयी बनाएगी।
​यह देखना दिलचस्प होगा कि शक्ति सिंह यादव के इस दावे का बांकीपुर की राजनीति पर क्या असर पड़ता है। फिलहाल इस बयान ने स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। राजद की आक्रामक रणनीति और भाजपा की तैयारियों के बीच बांकीपुर का मुकाबला बेहद रोचक होने के संकेत मिल रहे हैं।