Bihar Politics: फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई। करीब 16 महीने बाद आमने-सामने आए दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय वार्ता की, जिसके बाद संयुक्त प्रेस वार्ता भी की गई। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति, व्यापारिक संबंधों और भारत-अमेरिका के बीच सहयोग को लेकर अपनी साझा सोच दुनिया के सामने रखी। इस प्रेस-वार्ता का एक क्लिप शेयर करते हुए राजद ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा है।

जो ट्रंप भैया बोले वही सही- राजद

राजद ने पीएम मोदी ट्रंप वार्ता के दौरान का एक वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए लिखा, ना खाता, ना बही..अंग्रेजी में जो ट्रंप भैया बोले वही सही। घर में 56″ का सीना, ट्रंप भैया के सामने देखो कैसे छूटे पसीना। राजद ने आगे लिखा, हाथ मिलाओ, बोला टाटा राम राम। ट्रंप भैया आपको शत शत प्रणाम।

पीएम मोदी पर लगातार हमलावर है राजद

बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है, जब राजद ने G7 शिखर सम्मेलन में गए हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा हो। इससे पहले भी फोटो सेशन के दौरान का एक वीडियो शेयर करते हुए राजद ने पीएम मोदी पर जवाबी हमला बोला था।

राजद ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की बाजू थपथपाई मानो शाबाशी दे रहे हों कि भारत पर इतना टैरिफ लादने, ऑपरेशन सिंदूर का मज़ाक बनाने, वैश्विक मंचों पर लगातार भारत की किरकिरी करने, भारत और भारतीयों को अपमानित करने, भारत को “हेल्होल” कहने, पाकिस्तान को गले लगाकर भारत को चिढ़ाने, 3 नाविकों की “हत्या” के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने उनके विरुद्ध एक शब्द नहीं कहा, भारत का पक्ष रखने की कोशिश नहीं की, भारतीयों के असंतोष व आलोचना पर ध्यान नहीं दिया, भारत एवं भारत वासियों के मान सम्मान और हितों की चिंता नहीं की और ना ही कभी किसी रूप में अमेरिका का विरोध जताया! शाबासी पाकर प्रधानमंत्री धन्य हुए!

जल्द भारत दौरे पर आएंगे ट्रंप!

पीएम मोदी के साझा वार्ता के दौरान ट्रंप ने कहा कि, अगर भारत पर कभी हमला होता है, तो अमेरिका उसके साथ खड़ा रहेगा, भले ही कोई लिखित समझौता न हो। इसके साथ ही ट्रंप ने कहा कि वह जल्द ही भारत का दौरा करेंगे। वहीं, जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें उम्मीद है कि भारत पश्चिम एशिया में कोई भूमिका निभाएगा, तो ट्रंप ने कहा कि, ‘हां, मुझे उम्मीद है। मुझे लगता है कि भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है। जब तक वह (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) नेता हैं, भारत बड़ी भूमिका निभाता रहेगा’।

ये भी पढ़ें- ‘तो मेरा एनकाउंटर कर दे पटना पुलिस’, खान सर के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होने पर आगबबूला हुए रौशन आनंद