RKSD College Convocation : कैथल। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने युवाओं से शिक्षा, नवाचार, उद्यमशीलता और सामाजिक प्रतिबद्धता के माध्यम से देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया को ऐसे युवाओं की जरूरत है, जो केवल सवालों के जवाब तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि बेहतर सवाल पूछने और नई संभावनाओं को खोजने का साहस भी रखें। विद्यार्थियों की पहचान केवल उनकी डिग्री से नहीं, बल्कि उनकी सोच, चरित्र और ज्ञान के मानवीय उपयोग से होती है।

राज्यपाल मंगलवार को कैथल स्थित आरकेएसडी कॉलेज के 35वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में लगभग 190 स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डिग्री प्राप्त करना केवल शैक्षणिक उपलब्धि का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन की नई यात्रा की शुरुआत भी है।

ज्ञान का उपयोग समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए करें

प्रो. घोष ने कहा कि विद्यार्थियों ने वर्षों तक शिक्षा प्राप्त कर जो ज्ञान अर्जित किया है, अब उसे अपने विचारों, प्रतिभा और क्षमताओं के माध्यम से समाज को बेहतर बनाने में लगाना चाहिए। स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और अनुभव का उपयोग सकारात्मक बदलाव लाने के लिए करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को ज्ञान, चरित्र और मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बनाने की सलाह दी।

5 हजार विद्यार्थियों को शिक्षा दे रहा कॉलेज

राज्यपाल ने आरकेएसडी कॉलेज की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान में लगभग 5,000 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें 2,600 छात्राएं हैं। कॉलेज विद्यार्थियों के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों से मिलने वाला ज्ञान, मार्गदर्शन और संस्कार विद्यार्थियों के जीवन की अमूल्य पूंजी होते हैं। शिक्षकों के विचार, व्यवहार और आदर्श विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं।

ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में अहम भूमिका

प्रो. घोष ने कहा कि वर्ष 1954 से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहा आरकेएसडी कॉलेज हरियाणा के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में अपनी पहचान रखता है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने में संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने जोर दिया कि प्रदेश में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के अवसर से वंचित न रहे।

इससे पहले कैथल के डीसी अपराजिता और एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने पूंडरी विश्राम गृह में राज्यपाल का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m