राकेश चतुर्वेदी, नेपानगर/बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में देडतलाई-बुरहानपुर राज्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक महिला और दो युवकों समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

खकनार थाना क्षेत्र का मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा खकनार थाना क्षेत्र के मांजरोद गांव के पास हुआ। सभी मृतक नेपानगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो किसी काम से खकनार की तरफ गए थे और वापस नेपानगर लौट रहे थे। इसी दौरान मांजरोद के पास उनकी बाइक और कार में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जिला अस्पताल भेजे गए शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और कार चालक की तलाश की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m