चंकी बाजपेयी, इंदौर। शहर में नगर निगम की अनदेखी और लापरवाही के कारण सड़कों पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सड़कों पर छोटे-छोटे गड्ढों से परेशान वाहन चालकों को अब जानलेवा हादसों का सामना करना पड़ रहा है। ताजा मामला वार्ड क्रमांक 59 के पंढरीनाथ चौराहे का है, जहां मुख्य मार्ग पर अचानक 10 से 15 फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा हो गया।
पुरानी पाइपलाइन के ऊपर धंसी सड़क
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, पंढरीनाथ क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर कुछ दिनों पहले एक बहुत छोटा गड्ढा दिखाई दिया था, जो अचानक धंसकर एक विशाल और गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया। दुकान संचालकों ने बताया कि कई साल पहले इस जगह पर नगर निगम द्वारा पेयजल या सीवर की पाइपलाइन डाली गई थी। सही रखरखाव और मजबूती से भराव न होने की वजह से सड़क अंदर ही अंदर खोखली होती चली गई और यह बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचा।
किरनापुर थाना पथराव मामला प्रायोजित थाः एसपी का बड़ा दावा, शराब और पैसों के दम पर रचा गया था षड्यंत्र
दुकानदारों की सूचना के बाद रेती-मिट्टी डालकर लीपोपोती
सड़क पर अचानक इतना विशाल गड्ढा देखने के बाद आसपास के दुकानदारों ने तुरंत इसकी सूचना नगर निगम प्रशासन को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने गड्ढे में मिट्टी और रेती भरवाकर उसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। राहत की बात यह रही कि समय रहते जानकारी मिलने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
निगम की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल
हालांकि इस घटना से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सड़क की गुणवत्ता और देखरेख करने वाले इंदौर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। इंदौर में पहले भी कई प्रमुख मार्गों पर अचानक सड़क धंसने और बड़े गड्ढे होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे वाहन चालकों में डर का माहौल बना हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



