धर्मेंद्र यादव, निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी में शादी के नाम पर कथित ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने पुलिस को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उससे शादी कराने के नाम पर पहले रकम ली गई, फिर जमीन की रजिस्ट्री में भी धोखाधड़ी की गई। शादी के महज दो दिन बाद नवविवाहिता घर से कथित तौर पर जेवर और मोबाइल लेकर चली गई। अब पीड़ित ने पुलिस से पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
READ MORE: लापरवाही की हद! वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 48 घंटे में दो बार क्लोरीन गैस का रिसाव, दर्जनों ग्रामीण बीमार और फसलें तबाह
निवाड़ी जिले के असाटी गांव से शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता अनूप कुमार मिश्रा ने थाना निवाड़ी में आवेदन देकर बाबूलाल कुशवाहा, भगवत कुशवाहा और रामसेवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, पिछले करीब 10 से 15 दिनों से आरोपी युवक से शादी कराने की बात कह रहे थे। इसके बाद 8 सितंबर 2026 को गांव के रामराजा मंदिर में एक अज्ञात युवती से उसकी शादी कराई गई। पीड़ित का आरोप है कि शादी के नाम पर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये लिए गए। इनमें कुछ रकम खाते में जमा कराने और बाकी रकम नकद लेने की बात शिकायत में कही गई है। मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। अनूप कुमार का आरोप है कि उसे 16 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात कही गई थी, लेकिन कथित तौर पर 33 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई। पीड़ित ने अपने आवेदन में जमीन की रजिस्ट्री में भी धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, जमीन की रजिस्ट्री और उससे जुड़े दस्तावेजों की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
READ MORE: सोशल मीडिया पर ‘हसीनाओं’ की फोटो का दांव! जबलपुर में 19 साल के छात्र से लाखों की साइबर ठगी
शिकायत के मुताबिक, 10 सितंबर की देर रात करीब 12 बजे घर में मौजूद नवविवाहिता कथित तौर पर सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल लेकर चली गई। पीड़ित ने आवेदन में सोने का मंगलसूत्र, बीजारोन, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और बिछिया समेत अन्य सामान ले जाने का आरोप लगाया है। सुबह जब अनूप की नींद खुली तो युवती घर पर नहीं थी। इसके बाद वह मामले में बताए गए लोगों के पास जानकारी लेने पहुंचा। आरोप है कि वहां उसके साथ अभद्रता की गई और उसे घर से बाहर जाने को कहा गया। पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि संबंधित लोग लड़कियों की शादी कराने के नाम पर कथित रूप से लोगों से रकम लेते हैं। शिकायत में यह भी बताया गया है कि भगवत कुशवाहा और अन्य लोग शादी कराने का प्रस्ताव लेकर उसके घर पहुंचे थे और करीब एक लाख 30 हजार रुपये की मांग की थी।
मामले में पीड़ित अनूप कुमार मिश्रा ने थाना निवाड़ी में आवेदन देकर पूरे घटनाक्रम की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल शादी के नाम पर कथित ठगी और जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े इस मामले में पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



