Bihar News: जमुई की घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने अपने बयान में कहा था कि उसने (अपराधी) यदि रील नहीं बनाया होता तो पकड़ाता क्या? इसलिए रील बनाने के चक्कर में कितने लोग मारे जाएंगे। मुख्यमंत्री के इस बयान पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। रोहिणी ने बिहार सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि, बिहार सोशल मीडिया की रील के भरोसे है, जब रील बनेगी, तभी सम्राट सरकार की पुलिस जगेगी।

रोहिणी ने सीएम सम्राट पर साधा निशाना

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, बिहार के मुख्यमंत्री का कहना है कि “अगर जमुई की घटना की रील नहीं बनती तो न तो मामले की जानकारी होती और ना ही अपराधी पकड़े जाते”, मुख्यमंत्री का ऐसा कहना, साफ एवं सीधे तौर पर ये मानना है कि बिहार में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से पंगु है और न तो पुलिस-प्रशासन का अपना कोई सूचना तंत्र है और ना ही अपराध नियंत्रण का अपना कोई सिस्टम।

सीएम सम्राट से पूछा तीखा सवाल

रोहिणी ने कहा कि, एक मुख्यमंत्री का ऐसा बयान सिर्फ पुलिस व्यवस्था की लाचारी नहीं दर्शाता, बल्कि यह साफ संदेश देता है कि राज्य में कानून का कोई खौफ नहीं बचा है। अपराधी बेखौफ हैं और व्यवस्था केवल सोशल मीडिया पर रील्स स्क्रॉल करने के भरोसे चल रही है।

उन्होंने कहा कि, सम्राट चौधरी से मेरा सवाल है कि “अगर जनता ही वीडियो-रील बनाकर अपराध उजागर करेगी, तो फिर खुफिया विभाग, थाना तंत्र और गश्ती दल पर जनता के टैक्स का अरबों रुपया क्यों लुटाया जा रहा है? अगर कल को किसी अपराध की रील न बने, तो क्या पीड़ित को न्याय का हक भी नहीं मिलेगा?”

सीएम सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

दरअसल कल मंगलवार को सीएम सम्राट चौधरी ने जमुई की घटना अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए रील कल्चर की बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि, रील हीरो आज-कल बहुत हो गया है। आज-कल रीले बन रहा है। इसीलिए मैं अपराधियों को बार-बार कहता हूं कि अरे, मेरे पुलिस को चैलेंज क्यों करते हो? अगर तुम चुनौती दोगे, तो 24 घंटे के अंदर जवाब मिलेगा।

सीएम सम्राट ने आगे कहा कि, अरे, अपना जीवन जीओ, कोई मना नहीं करता है। लेकिन आपराधिक घटना करने से कोई समाज का हीरो नहीं हो सकता है। आजकल रील बनाने के चक्कर में मारा जा रहा है। आज की जो घटना (जमुई घटना) है कि उसे आपने देखा होगा, उसने यदि रील नहीं बनाया होता तो पकड़ाता क्या? इसलिए रील बनाने के चक्कर में कितने लोग मारे जाएंगे।

ये भी पढ़ें- ‘बंगाल और बिहार में फिर से हो चुनाव’, तेजस्वी का EC पर बड़ा हमला, ज्ञानेश कुमार को बताया ‘नमूना’