लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच 19 जुलाई को लॉर्ड्स में होने वाला तीन मैच की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला रोहित शर्मा के इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच हो सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो सिलेक्टर्स और हेड कोच गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा को बता दिया है कि अब टीम मैनेजमेंट उनसे परे देखना शुरू कर चुकी है और वनडे वर्ल्ड कप 2027 में उनकी जगह युवाओं को मौका दिया जाएगा. वहीं इस मामले में बीसीसीआई या रोहित शर्मा की ओर से किसी तरह का कोई बयान नहीं आया है, लेकिन पूर्व कप्तान के माता-पिता भारत से लंदन पहुंच चुके हैं.

2027 वर्ल्ड कप पर सिलेक्शन कमेटी की नजर

रोहित 39 साल के हैं इसलिए मैनेजमेंट का मानना ​​है कि उन्हें अगले बड़े टूर्नामेंट तक टीम में बनाए रखना सही नहीं होगा, क्योंकि तब तक वे 40 साल से ज्यादा के हो चुके होंगे. मैनेजमेंट अब युवा टैलेंट और जबरदस्त फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल को इस फॉर्मेट में लंबे समय तक खेलने का मौका देना चाहते हैं, ताकि उन्हें जरूरी इंटरनेशनल अनुभव मिल सके.

मौजूदा फॉर्म रोहित शर्मा का सबसे बड़ा दुश्मन

रोहित शर्मा के भविष्य पर चर्चा साल की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज के दौरान होनी थी, लेकिन इंग्लैंड के मौजूदा दौरे पर रोहित की खराब फॉर्म ने इस फैसले को जल्दी लेने पर मजबूर कर दिया. अपनी आक्रामक और सहज बल्लेबाजी के लिए मशहूर ‘हिटमैन’ विदेशी हालात में संघर्ष करते दिखे. सीरीज के पहले दो मैच में वह क्रमशः सिर्फ 11 और 26 रन ही बना पाए. लय की इस कमी के कारण सेलेक्टर्स ने रोहित को औपचारिक रूप से बता दिया कि इंग्लैंड दौरे के बाद वे उनसे आगे बढ़ रहे हैं. हालांकि संन्यास का आखिरी फैसला उन्हीं पर छोड़ दिया गया है.

सीरीज में अब तक फ्लॉप रहे रोहित शर्मा

इंग्लैंड दौरे पर रोहित शर्मा का बल्ला उनसे बुरी तरह रूठा हुआ है, ठीक वैसा ही जैसी पिछली सीरीज में भी था. बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे में वह सिर्फ 11 ही रन बना पाए थे, जबकि दूसरे मैच में वह 47 गेंद पर 26 रन बनाकर आउट हो गए. फैंस उम्मीद जता रहे हैं कि रोहित तीसरे वनडे में बड़ी पारी खेलने में सफल रहेंगे.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m