रोहतक। नारनौल-अंबाला 152D हाईवे पर सड़क हादसे में स्कूटी सवार सिक्योरिटी गार्ड कृष्ण की मौत हो गई। कृष्ण गांव बोहर पाना भोपाना का रहने वाला था। वह सुबह करीब 4 बजे स्कूटी से ड्यूटी के लिए घर से निकला था। हाईवे पर तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही कलानौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ड्यूटी के लिए निकला था कृष्ण
कृष्ण सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वह रोजाना की तरह सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था। नारनौल-अंबाला हाईवे 152D पर पहुंचने के बाद उसकी स्कूटी को पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कृष्ण की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर कलानौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया।
बेटे को पुलिस ने दी हादसे की सूचना
मृतक के बेटे राकेश ने बताया कि उसके पिता कृष्ण रोजाना की तरह सुबह 4 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। उन्हें उम्मीद थी कि वह रोज की तरह ड्यूटी से वापस लौट आएंगे।
राकेश के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें फोन कर पिता के एक्सीडेंट की सूचना दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे। वहां कृष्ण की मौत हो चुकी थी।
पिकअप ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज
कलानौर थाना इंचार्ज रविंद्र कुमार ने बताया कि 152D हाईवे पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के बेटे की शिकायत पर पिकअप ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



