रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले के ब्राह्मणवास गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। महज 20 वर्षीय युवक पर अपनी मां की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि मां-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर अपनी मां की चुन्नी से गला घोंट दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से भागने के बजाय खुद सदर थाना पहुंच गया। पुलिस के सामने उसने कथित तौर पर कहा, “मां मार दी, देख लो।” युवक की यह बात सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

मां-बेटे के बीच विवाद के बाद बिगड़ी बात

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान पिंकी के रूप में हुई है। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा प्रिंस और दो बेटियां बताई गई हैं। पिंकी का अपने सास-ससुर के साथ विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह बच्चों के साथ अलग रह रही थी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय किसी बात को लेकर पिंकी और प्रिंस के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। आरोप है कि इसी दौरान प्रिंस ने अपनी मां को नीचे गिरा दिया और उनकी चुन्नी से गला घोंट दिया। घटना में पिंकी की मौत हो गई।

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी

वारदात के बाद प्रिंस ने पुलिस से बचने के बजाय खुद सदर थाना पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, उसने थाने में अपनी मां की हत्या करने की बात कही। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लिया और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात के पीछे मां-बेटे के बीच हुए विवाद को शुरुआती वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस घटना के बाद ब्राह्मणवास गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस बेटे से मां के सहारे की उम्मीद थी, उसी पर मां की हत्या का आरोप लगने से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m