Rohtak CRPF Jawan Wife Murder : रोहतक: देश की सुरक्षा में तैनात एक जवान जब दो दिन पहले छुट्टी लेकर अपने घर लौटा, तो किसी ने नहीं सोचा था कि वह अपने ही परिवार के लिए काल बन जाएगा। रोहतक जिले के बहुअकबरपुर गांव में घरेलू विवाद इस कदर बढ़ा कि मणिपुर में तैनात सीआरपीएफ (CRPF) के जवान ने अपनी ही पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
कहासुनी के बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जवान सोमबीर दो दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था। गांव में उसका नया मकान बन रहा है। बीते कल शाम किसी बात को लेकर सोमबीर और उसकी 36 वर्षीय पत्नी मनीषा के बीच तीखी बहस हो गई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि सोमबीर ने आपा खो दिया और घर में रखे तेजधार चाकू से मनीषा पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
मदद के लिए तड़पती रही मनीषा, रास्ते में तोड़ा दम
हमले के बाद खून से लथपथ मनीषा अपनी जान बचाने के लिए तड़पते हुए घर से बाहर भागी और पड़ोसियों के पास पहुंची। जख्मों से कराहती मनीषा को देख पड़ोसी तुरंत उसे पीजीआई (PGI) अस्पताल ले जाने के लिए निकले। लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि मनीषा ने अस्पताल पहुंचने से पहले, रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद पड़ोसी शव को वापस गांव ले आए।
दो मासूम बेटियां हुईं अनाथ, आरोपी फरार
इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। सोमबीर और मनीषा की दो बेटियां हैं, जिनके सिर से अब मां का साया उठ चुका है और पिता हत्या का आरोपी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोमबीर मौके से फरार हो गया।
पुलिस कर रही है जांच
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर ने बताया कि महिला की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है, जो आज (मंगलवार) किया जाएगा। मौके पर सबूत जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी पति सोमबीर की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

