चंडीगढ़। हरियाणा के रोहतक के रहने वाले युवक और उसकी लिव-इन पार्टनर की संदिग्ध हत्या का मामला सामने आया है। करीब आठ महीने से साथ रह रहे दोनों के शव रविवार शाम झज्जर जिले में नहर से बरामद हुए। परिजनों की ओर से युवक के दोस्तों पर दोनों की हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक युवक की पहचान संदीप के रूप में हुई है, जो नेबूसराय का रहने वाला बताया गया है। वहीं, उसके साथ रहने वाली युवती मूल रूप से अलीगढ़ की रहने वाली थी। जानकारी के मुताबिक दोनों पिछले करीब आठ महीने से साथ रह रहे थे। संदीप पहले जनरल स्टोर चलाता था, लेकिन बाद में उसने दुकान बंद कर दी और युवती के साथ दिल्ली में रहने लगा था।
बताया जा रहा है कि 26 सितंबर को संदीप और युवती कार से अपने दोस्तों से मिलने रोहतक आए थे। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे। 30 सितंबर को संदीप की अपनी मां से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों से संपर्क नहीं हो सका। रविवार शाम नहर से दोनों के शव मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
30 लाख रुपये और कार ने खड़े किए सवाल
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। हालांकि, जांच के दौरान संदीप की जमीन बेचने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि जमीन से उसे करीब 30 लाख रुपये मिले थे। इसके अलावा उसकी कार भी गायब मिली। ऐसे में पुलिस इन दोनों पहलुओं को भी जांच से जोड़कर देख रही है।
दो दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज
सांपला थाना पुलिस ने हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों मृतक के दोस्त बताए जा रहे हैं। परिजनों ने इन्हीं पर संदीप और उसकी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या की वजह को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं दिया है। पुलिस दोनों की मौत के कारण, 30 लाख रुपये की रकम और गायब कार के बीच संभावित कड़ी की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि 26 सितंबर को दोस्तों से मिलने के बाद दोनों के साथ क्या हुआ था।
- नवांशहर में बड़ा सड़क हादसा: फ्लाईओवर से नीचे गिरी मनाली से लौट रही प्राइवेट बस, 4 यात्रियों की मौत; 7 घायल
- जीत एनडीए की होगी, बागी नेताओं पर चुप्पी… उपेंद्र कुशवाहा के तेवर ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी!
- पंजाब में 48 घंटे में 4 हत्याओं से गरमाई सियासत, BJP ने मान सरकार पर साधा निशाना; भ्रष्टाचार के आरोपों पर मांगा जवाब
- प्रेमिका ने मिलने बुलाया, लेकिन लौटकर नहीं आया प्रेमी… जंगल में अलग-अलग जगह मिले सिर-धड़, दंपति गिरफ्तार
- सीएम डॉ. मोहन ने खंडवा के लिए खोला खुशियों का पिटारा, 142.90 करोड़ से चारों ओर होगा डेवलपमेंट

