रोहतक। जाट भवन के पास रविवार शाम सैर करने जा रही मां-बेटी को पीछे से आई तेज रफ्तार वरना कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गईं। आरोप है कि टक्कर के बाद कृष्णा देवी कार के आगे गिर गईं और गाड़ी के नीचे फंस गईं। राहगीरों ने कार सवार दो लोगों को मौके पर पकड़ लिया। घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गोपाल कॉलोनी निवासी नीलम पत्नी स्वर्गीय नरेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि वह रविवार शाम अपनी मां कृष्णा देवी के साथ देवीलाल पार्क में सैर करने जा रही थीं। शाम करीब पौने 5 बजे जाट भवन के पास पीछे से आई वरना कार ने दोनों को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद दूर जा गिरी नीलम
नीलम के मुताबिक, कार की टक्कर से वह उछलकर दूर जा गिरीं, जबकि उनकी मां कृष्णा देवी कार के आगे गिर गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि कार सवार लोगों ने उनकी मां के ऊपर से गाड़ी चढ़ा दी, जिससे वह नीचे फंस गईं।
हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार रुकवाई और उसमें सवार दोनों लोगों को पकड़ लिया। राहगीरों ने कृष्णा देवी को कार के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया।
कार सवारों पर नशे में होने का आरोप
नीलम ने आरोप लगाया कि कार से उतारे जाने के बाद दोनों लोग शराब के नशे में लग रहे थे। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
CCTV में कैद हुई घटना
जाट भवन के पास हुई टक्कर की घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में सफेद रंग की वरना कार पीछे से आकर दो महिलाओं को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में ले ली है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि जाट भवन के पास सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि घायल महिला की शिकायत पर कार सवार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

