रोहतक: हरियाणा के रोहतक में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कबीर कॉलोनी के रहने वाले 27 वर्षीय युवक कालू की उसके ही सगे चाचा ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए और उसका पेट चीर दिया। लहूलुहान हालत में परिजन उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी चाचा और उसके चार साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साजिश के तहत दुकान पर बुलाया
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि रविवार दोपहर चाचा अजीज (47 वर्ष) ने एक सोची-समझी साजिश के तहत कालू को अपनी परचून (किराना) की दुकान पर सामान लेने के बहाने बुलाया था। कालू वर्तमान में बेरोजगार था और नौकरी की तलाश कर रहा था। जैसे ही वह अपने चाचा से मिलने दुकान पर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे चाचा और उसके चार साथियों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया।
2 साल पुराने उधार के पैसों का था विवाद
परिजनों के मुताबिक, इस खूनी खेल की वजह महज कुछ रुपयों का लेनदेन था। कालू ने करीब दो साल पहले अपने चाचा अजीज की किराना दुकान से कुछ सामान उधार लिया था। अजीज लंबे समय से इन पैसों की मांग कर रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और विवाद हो चुका था।
शनिवार रात को हुआ था पथराव
यह विवाद शनिवार रात को ही उग्र रूप ले चुका था। शनिवार रात दोनों परिवारों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद चाचा के परिवार की तरफ से कालू के घर पर पथराव भी किया गया था। इस रंजिश को मन में पाले बैठे चाचा ने अगले ही दिन रविवार को अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम रोहतक पीजीआई पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी चाचा अजीज और उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

