Rohtak Road Accident : रोहतक। हरियाणा के रोहतक में सड़क किनारे खड़ी गाड़ी का टायर बदलना चार युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। शिमली गांव के पास देर रात तेज रफ्तार कार ने टायर बदल रहे युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना के समय उनके साथी टॉर्च जलाकर सड़क से गुजरने वाले वाहनों को सावधान कर रहे थे, लेकिन कार चालक ने रफ्तार कम नहीं की और चारों को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
टायर फटने के बाद सड़क किनारे रुकी थी गाड़ी
जानकारी के अनुसार, छह युवक झज्जर के बेरी गेट से टेंट का सामान लेकर रोहतक लौट रहे थे। रविवार रात करीब 11 बजे उनकी गाड़ी शिमली गांव के पास पहुंची, तभी अचानक टायर फट गया। इसके बाद चार युवक गाड़ी से नीचे उतरकर जैक की मदद से स्टेपनी बदलने लगे। वहीं, दो अन्य साथी गाड़ी के पीछे खड़े होकर टॉर्च की रोशनी से आने वाले वाहनों को संकेत दे रहे थे।
तेज रफ्तार कार ने चारों को मारी टक्कर
इसी दौरान झज्जर की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आई। युवकों की ओर से टॉर्च दिखाकर संकेत दिए जाने के बावजूद कार चालक ने वाहन की गति कम नहीं की। कार सीधे टायर बदल रहे युवकों से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तीन युवकों की मौत
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रोहतक के पीजीआईएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी 20 वर्षीय नगेंद्र, सीतापुर निवासी 28 वर्षीय मुकेश और रोहतक निवासी 27 वर्षीय भोला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अंशुल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
भांजे के सामने चली गई मामा की जान
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि मैनपुरी निवासी नगेंद्र की मौत उसके भांजे सूरज कुमार के सामने हुई। सूरज ने पुलिस को बताया कि वह करीब एक साल से रोहतक में ढाका टेंट हाउस में मजदूरी कर रहा है। हादसे के वक्त वह अपने साथियों के साथ गाड़ी के पीछे खड़ा होकर टॉर्च दिखा रहा था। अचानक हुए हादसे में उसे अपने मामा को खोना पड़ा।
अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसे के बाद युवक कार का नंबर नोट नहीं कर सके थे। पुलिस आसपास की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया मंगलवार को की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

