सुंदरगढ़: राष्ट्रीय राजमार्ग-143 (NH-143) पर चंडीपोष गांव के पास भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। यह घटना मंगलवार रात की है।

पुलिस के अनुसार, ‘प्रमिला’ नामक एक निजी यात्री बस राउरकेला से जाजपुर की ओर जा रही थी। अचानक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से कूद गई और सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त अभी बाकी है।

दुर्घटना में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। सामान्य घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को राउरकेला सरकारी अस्पताल (RGH) रेफर कर दिया गया है।

ट्रक के परखच्चे उड़ जाने के कारण ड्राइवर का शव निकालने के लिए दमकल कर्मियों को गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।देर रात तक बचाव अभियान जारी रहा और इस हादसे की वजह से नेशनल हाईवे पर घंटों यातायात बाधित रहा। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि बस अचानक डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ कैसे चली गई। क्या यह तकनीकी खराबी थी या ड्राइवर की कोई लापरवाही, इसकी पुष्टि होनी अभी शेष है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H