राउरकेला। ओडिशा में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। एक कम दबाव के क्षेत्र का असर अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ था कि बंगाल की खाड़ी में एक और सिस्टम बनने जा रहा है। आज स्टील सिटी राउरकेला समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश दर्ज की गई।

राउरकेला में एक घंटे की बारिश से तबाही, स्टेशन पर शेड गिरा

राउरकेला में महज एक घंटे की बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया और इंदिरा कॉलोनी, गुरुद्वारा रोड, बालूघाट तथा पानपोष जैसे निचले इलाकों के घरों में पानी घुस गया। नाले और सड़कें एक हो गईं।

इसी बीच राउरकेला रेलवे स्टेशन पर तेज हवा और बारिश के कारण एक निर्माणाधीन शेड ढह गया, जिससे 4 लोग घायल हो गए। घटना के बाद बचाव दल और अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला।

ब्राह्मणी नदी का जलस्तर बढ़ा, रेंगली डैम का गेट खोला गया

ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण ब्राह्मणी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते इस सीजन में दूसरी बार रेंगली डैम का गेट खोला गया है। डैम के गेट नंबर 8 और पावर चैनल के जरिए प्रति सेकेंड करीब 2,000 घन मीटर पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

दूसरी ओर, वैतरणी, सालंदी, जलका और काणी नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है। जाजपुर, भद्रक और केंद्रापड़ा के बाढ़ प्रभावित इलाकों से पानी उतरने लगा है, लेकिन लोगों की मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं। कई स्थानों पर सड़कें, खेत और निचले इलाके अब भी जलमग्न हैं।

12 अगस्त से फिर बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है, जो 12 अगस्त तक कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। इसके असर से 12 अगस्त से राज्य में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ेंगी। विशेष रूप से उत्तरी ओडिशा और आसपास के जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H