Automobile Desk: टू-व्हीलर सेगमेंट में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली दिग्गज कंपनी रॉयल एनफील्ड की नई एडवेंचर बाइक Himalayan 440 को भारतीय बाजार में हाथों-हाथ लिया जा रहा है। शोरूम्स पर उमड़ रही ग्राहकों की भीड़ और रिकॉर्डतोड़ बुकिंग्स को देखते हुए कंपनी ने फिलहाल इस बाइक की नई बुकिंग्स लेने पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। लॉन्च होते ही इस बाइक ने जिस तरह का रिस्पॉन्स हासिल किया है, उसकी उम्मीद खुद कंपनी को भी नहीं थी।

रॉयल एनफील्ड से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, लॉन्चिंग के बेहद कम समय के भीतर ही इस दमदार बाइक के अगले 6 महीनों के ऑर्डर पूरी तरह से बुक हो चुके हैं। यही वजह है कि मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पर क्षमता से अधिक दबाव बन गया है। कंपनी का कहना है कि जिन्होंने पहले ही अपनी बुकिंग करा ली है, उन्हें समय पर डिलीवरी देना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से फिलहाल नई बुकिंग्स रोकी गई हैं ताकि पुराने पेंडिंग ऑर्डर्स को बिना किसी देरी के पूरा किया जा सके।

उत्पादन क्षमता में इजाफा करने के बाद कंपनी बहुत जल्द इसकी बुकिंग्स दोबारा शुरू करने की योजना बना रही है। इस दौरान जिन ग्राहकों ने बाइक बुक कर रखी है, उन्हें उनके डिलीवरी शेड्यूल के बारे में चरणबद्ध तरीके से अपडेट दिया जाएगा। गौरतलब है कि इस एडवेंचर बाइक को हाल ही में लद्दाख में आयोजित कंपनी के खास ‘Himalayan Base Camp’ इवेंट के दौरान पेश किया गया था, जिसके बाद से ही इसे लेकर ऑटो बाजार में काफी बज बना हुआ है।

रॉयल एनफील्ड के लिए यह सफलता इसलिए भी बेहद मायने रखती है क्योंकि कंपनी के ‘Himalayan’ ब्रांड ने भारतीय बाजार में अपने सफर के 10 साल पूरे कर लिए हैं। एक दशक पहले जब इसे एक ऑफ-रोड एडवेंचर बाइक के तौर पर उतारा गया था, तब से लेकर आज तक यह मॉडल देश-दुनिया में ब्रांड की पहचान बन चुका है। वैश्विक आंकड़ों पर नजर डालें तो Himalayan सीरीज (जिसमें पुराना 411 मॉडल और नया 450 वेरिएंट भी शामिल हैं) की अब तक 3.2 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। अकेले Himalayan 450 ने ही दुनिया भर में 1 लाख बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है, जो भारत और ब्राजील जैसे बड़े बाजारों में अपने सेगमेंट की सबसे पसंदीदा बाइक बनी हुई है।

नई Himalayan 440 को कंपनी ने 450 वेरिएंट से काफी अलग और थोड़ा व्यावहारिक रखा है। डिजाइन की बात करें तो इसमें सिग्नेचर राउंड हेडलैंप, लंबी विंडस्क्रीन, आरामदायक सीटिंग पोजीषन के साथ 21-इंच का फ्रंट और 17-इंच का रियर स्पोक व्हील दिया गया है। 800 एमएम की सीट हाइट और 220 एमएम के ग्राउंड क्लीयरेंस की वजह से यह ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी आसानी से निकल जाती है। इसमें 15 लीटर क्षमता का फ्यूल टैंक मिलता है और इसका कुल वजन 199 किलोग्राम है।

परफॉर्मेंस के मामले में इसमें 443cc का सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 25.4 bhp की पावर और 34 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। पुराने 411cc मॉडल की तुलना में इसके पावर और टॉर्क में क्रमशः 4.5% और 6.5% की बढ़ोतरी देखी गई है। 6-स्पीड गियरबॉक्स से लैस यह बाइक शहर के ट्रैफिक में आसानी से चलती है और लो व मिड-रेंज में बेहतरीन पिकअप देती है। हाईवे पर यह बाइक 100 kmph की स्पीड पर काफी स्मूथ क्रूज़ करती है, जबकि टेस्टिंग के दौरान इसने लगभग 30 kmpl का माइलेज दर्ज किया है। ₹2.29 लाख (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर आने वाली इस बाइक में LED लाइट्स, ट्रिपर नेविगेशन और टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट जैसे बेसिक और जरूरी फीचर्स दिए गए हैं।