प्रदीप मालवीय, उज्जैन। आज श्रावण – भादों माह की छठी और अंतिम राजसी सवारी में भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर की पालकी निर्धारित समय शाम 4 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर महाकाल रोड, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, हरसिद्धि पाल होते हुए रामघाट पहुंचेगी। पालकी में विराजित भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर एवं गजराज पर आरूढ़ भगवान श्री मनमहेश का मां शिप्रा के तट पर पूजन-अर्चन एवं आरती की जाएगी।

उज्जैन में भगवान श्री महाकालेश्वर की श्रावण-भाद्रपद माह में निकलने वाली सवारी के क्रम में भाद्रपद माह की दूसरी एवं अंतिम तथा प्रमुख राजसी सवारी सोमवार 7 सितंबर को शाम 4 बजे मंदिर से निकलेगी। भाद्रपद माह की दूसरी एवं अंतिम सवारी प्रमुख राजसी सवारी के रूप में निकलेगी। इस दौरान भगवान श्री महाकालेश्वर अपने भक्तों को छह स्वरूपों में दर्शन देंगे। 

रजत पालकी में श्री चन्द्रमौलेश्वर, हाथी पर श्री मनमहेश, गरुड़ रथ पर श्री शिवतांडव, नंदी रथ पर श्री उमा-महेश, डोल रथ पर श्री होल्कर स्टेट के मुखारविंद तथा छठी सवारी में श्री सप्तधान के मुखारविंद सम्मिलित रहेंगे। राजसी सवारी निकलने के पूर्व श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर का विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर रजत पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा पालकी में विराजित भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर को सलामी एवं गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m