उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की सहयोगी आरपीआई ने 25 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग रखी है. प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि सहमति नहीं बनी तो पार्टी अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी.

मुरादाबाद. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने अपने लिए 25 विधानसभा सीटों की मांग रखी है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि अगर इतनी सीटों को लेकर सहमति नहीं बनी तो आरपीआई अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी.

उन्होंने कहा कि पार्टी भले ही छोटी हो, लेकिन 19 नवंबर को लखनऊ में रैली के जरिए अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी. वह पंचायत भवन में आयोजित संविधान सम्मान रैली में शामिल होने पहुंचे थे.

आठवले ने विपक्ष पर साधा निशाना

रैली को संबोधित करते हुए आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जनता को भड़काने का काम करते हैं और संसद में हंगामा करते हैं.

आठवले ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें शिरडी लोकसभा सीट से चुनाव में हराया था और सरकारी आवास से उनका सामान बाहर फेंकवा दिया गया था. उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें उनका साथ मिला और प्रधानमंत्री ने उन्हें तीसरी बार मंत्रिमंडल में शामिल किया.

आकाश आनंद को साथ लेने की तैयारी

रामदास आठवले ने कहा कि मायावती ने अपने भतीजे आनंद को भी पार्टी से निकाल दिया है. उन्होंने कहा कि आनंद अच्छा काम कर रहे थे और आरपीआई उन्हें अपने साथ लेने के लिए तैयार है.

आठवले ने आरोप लगाया कि बसपा ने आरपीआई के चुनाव चिह्न हाथी का अतिक्रमण किया है.

ब्रिक्स सम्मेलन का जिक्र

केंद्रीय मंत्री ने ब्रिक्स सम्मेलन का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी अध्यक्षता कर रहे हैं और चीन हमारे बॉर्डर पर नहीं आएगा.

उन्होंने दावा किया कि भारत ने सभी देशों के साथ समन्वय स्थापित किया है, जिससे व्यापार भी बढ़ेगा. आठवले ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके पास विरोध के अलावा कोई मुद्दा नहीं है और वह केवल शोर मचा रही है.

भीड़ कम होने पर नाराजगी

संविधान सम्मान रैली में अपेक्षा के मुताबिक भीड़ नहीं जुटने पर स्थानीय इकाई के प्रति नाराजगी भी सामने आई. इसे स्थानीय संगठन की विफलता माना गया.

प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने इस मामले में पार्टी के जिलाध्यक्ष से नाराजगी जताई और संगठन में अपनी पकड़ मजबूत करने की हिदायत दी.