शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से अंधविश्वास और ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच पुलिस ने तंत्र-मंत्र, गृह शांति और पैसे दोगुने करने का लालच देकर एक परिवार से 20 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोना-चांदी ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही बैंकों में गिरवी रखे गए आभूषणों को फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खाते में नकदी और जेवर ऐंठने का आरोप
क्राइम ब्रांच थाने में दर्ज मामले के अनुसार, फरियादी की पत्नी राजेश्वरी शर्मा को आरोपियों ने अपने जाल में फंसाया था। ठगी का तरीका: आरोपियों ने घर में सुख-शांति लाने, तंत्र-मंत्र करने और निवेश की गई रकम को कुछ ही समय में दोगुना करने का झांसा दिया। इस झांसे में आकर पीड़िता ने आरोपियों के खातों में 7 लाख 16 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि 12 लाख 54 हजार रुपये नकद दिए। इसके अलावा, करीब 625 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी के आभूषण भी ऐंठ लिए गए।
गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रख कर्ज ले लिया था
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आशा यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने फिलहाल 11 ग्राम सोना बरामद किया है। आशा के अलावा पुलिस ने उसके पति हरीश कुमार और एक अन्य परिचित श्यान को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने ठगी के इन आभूषणों को अलग-अलग बैंकों और गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर कर्ज ले लिया था।
गोल्ड लोन कंपनियों में आभूषण फ्रीज कराने की कार्रवाई
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि ठगे गए जेवरात को कैप्री बैंक, आईआईएफएल (IIFL) और मुथूट गोल्ड लोन जैसी फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखा गया था। पुलिस ने इन संस्थानों से संपर्क कर वहां रखे गए आभूषणों को तत्काल प्रभाव से फ्रीज (Freeze) कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

