हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर के लसूड़िया थाना पुलिस ने 25 लाख रुपये की चोरी के मामले का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि फरियादी के चालक ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई औरा कार भी जब्त कर ली है।
खड़ी कार में रखे 25 लाख की चोरी
पुलिस के मुताबिक 30 जून को वृंदावन पैलेस कॉलोनी, निपानिया निवासी मनीष संघवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ी कार में रखे 25 लाख रुपये नकद और कार की दोनों चाबियां उनका चालक दीपक सोलंकी लेकर फरार हो गया है। शिकायत के आधार पर लसूड़िया थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दोनों की लोकेशन पचमढ़ी मिली
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चालक दीपक सोलंकी अपने साथी मोहित उर्फ चिंटू यादव के साथ काले रंग की हुंडई औरा कार में जाता दिखाई दिया। साइबर जांच में दोनों की लोकेशन पचमढ़ी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
24 लाख नकद और कार बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले से योजना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उनका उद्देश्य चोरी की रकम से महंगे शौक पूरे करना, घूमना-फिरना और ऐशो-आराम की जिंदगी जीना था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये कीमत की हुंडई औरा कार बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

