चंकी बाजपेयी, इंदौर। त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के बीच साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। इंदौर में दिवाली की खरीदारी के पार्सल का पता (Address) अपडेट करने का झांसा देकर एक गृहिणी से 78 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। हालांकि, इंदौर पुलिस की क्राइम ब्रांच और फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के खाते से उड़े 75 हजार रुपये सुरक्षित वापस रिफंड करवा दिए हैं।

डिलीवरी बॉय बनकर भेजा लिंक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी पीड़िता ने दिवाली पर्व के लिए ऑनलाइन सामान ऑर्डर किया था। पीड़िता के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को कोरियर कंपनी का डिलीवरी बॉय बताया। उसने दावा किया कि डिलीवरी एड्रेस गलत दर्ज है और सामान पहुंचाने के लिए पता अपडेट करना जरूरी है। आरोपी ने एड्रेस अपडेट करने के बहाने महिला के मोबाइल पर एक एपीके (APK) फाइल/अज्ञात लिंक भेजा। जैसे ही पीड़िता ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया और उनके चार अलग-अलग बैंक खातों से कुल 78,000 रुपये कट गए।

क्राइम ब्रांच का त्वरित एक्शन: 4 राज्यों में बैंक खाते कराए फ्रीज

ठगी का अहसास होते ही पीड़िता ने बिना समय गंवाए नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और इंदौर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई। क्राइम ब्रांच की फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने तुरंत तकनीकी तफ्तीश शुरू की। टीम ने दिल्ली, ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र में स्थित संदेही बैंक खातों में ट्रांसफर की गई रकम को तत्काल प्रभाव से होल्ड/फ्रीज करवा दिया। कानूनी प्रक्रिया और न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने फ्रीज कराई गई 75,000 रुपये की राशि पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी। अपनी गंवाई हुई अधिकांश रकम वापस पाकर पीड़िता ने इंदौर पुलिस का आभार जताया।

मध्यप्रदेश

MP विधानसभा के शीतकालीन सत्र की अधिसूचना जारी: 7 दिसंबर से शुरू होगा 5 दिवसीय सत्र, होंगी 5 बैठकें

पुलिस की अपील: अनजान APK फाइल और लिंक से बचें

मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (Addl. DCP) ने नागरिकों से त्योहारी सीजन में साइबर फ्रॉड को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कोरियर या पार्सल के नाम पर आए किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने फोन में अज्ञात लिंक क्लिक न करें और न ही कोई APK फाइल डाउनलोड करें। किसी भी संदिग्ध ट्रांजेक्शन की स्थिति में तत्काल 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी, इंदौर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m