शिवम मिश्रा, रायपुर। कांग्रेस नेता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर पर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल ने इनाम की घोषणा की है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस की ओर से जारी इनाम उद्घोषणा के अनुसार, तेलीबांधा थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 में शोएब ढेबर फरार है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा। इनाम वितरण का अंतिम निर्णय पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र, रायपुर का होगा।

पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर

शोएब ढेबर के संबंध में जानकारी देने के लिए पुलिस ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं—

सहायक पुलिस आयुक्त, सिविल लाइन: 94252-62002
थाना प्रभारी, तेलीबांधा: 99074-71911
निरीक्षक सतीश सिंह: 94061-17235

क्या है मामला?

यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और प्रार्थी, उसके बेटे व परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए रविवार को शोएब ढेबर को पकड़ा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किए थे। उसके बाद आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे स्वतंत्र करने की अनुमति दी थी।

बाद में पुलिस ने मामले के आधार पर नियमित अदालत में 28 सितंबर को दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद से पुलिस शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी के दोबारा अपराध करने की आशंका को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को इनाम घोषित किया गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H