हेमंत शर्मा/कुमार इंदर, इंदौर/जबलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शीर्ष नेतृत्व के मध्य प्रदेश दौरों को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के आगामी कार्यक्रमों को लेकर दो बड़ी खबरें सामने आई हैं- एक तरफ जहां इंदौर में नवंबर की शुरुआत में आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय वार्षिक बैठक होने जा रही है, वहीं दूसरी तरफ संघ प्रमुख 24 से 26 अक्टूबर तक तीन दिवसीय प्रवास पर जबलपुर में रहेंगे।

2 से 4 नवंबर तक बैठक

आर्थिक राजधानी इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और बड़ी बैठक आयोजित होने जा रही है। यह तीन दिवसीय वार्षिक बैठक आगामी 2 से 4 नवंबर तक शहर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज परिसर में आयोजित की जाएगी। इस उच्चस्तरीय बैठक में संघ के सर्वोच्च नेतृत्व यानी सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।

    मुख्य मुद्दे और एजेंडा

    इस बैठक में देश के युवाओं में तेजी से बढ़ते नशे की लत और आंतरिक मामलों में बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप जैसे गंभीर विषयों पर मंथन किया जाएगा। इसके अलावा पर्यावरण सुधार, वैश्विक परिदृश्य और ‘परिवार बोध’ जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। पिछले एक साल से देशभर में संघ के चल रहे ‘शताब्दी वर्ष’ के कार्यक्रमों और अभियानों की प्रगति की इस बैठक में विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

    24 से 26 अक्टूबर तक 3 दिवसीय जबलपुर प्रवास

    दूसरी ओर, आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 24 से 26 अक्टूबर तक जबलपुर के प्रवास पर रहेंगे, जिसके दौरान उनका विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है। प्रवास के पहले दिन वे महानगर के मुख्य शिक्षकों और वरिष्ठ दायित्ववान कार्यकर्ताओं के साथ विशेष संवाद करेंगे।

      25 अक्टूबर: दूसरे दिन यानी 25 अक्टूबर को वे महाकौशल प्रांत के महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों के शिविर में शामिल होंगे और युवा स्वयंसेवकों से सीधा संवाद कर उनका मार्गदर्शन करेंगे।

      26 अक्टूबर: प्रवास के अंतिम दिन महाकौशल प्रांत की कार्यकारिणी और विभाग टोली के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें संगठनात्मक कार्यों, चल रही गतिविधियों और समसामयिक विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी। संघ प्रमुख के इन दोनों बड़े दौरों को आगामी सांगठनिक रणनीतियों और आयोजनों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

      Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
      https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m