कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर के मुरार जिला अस्पताल के अधीन संचालित प्रसूति गृह में आग लगने की अफवाह से हड़कंप मच गया। अस्पताल के HDU में बिजली के MCB बॉक्स में आग और धुआं भरने की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आनन-फानन में भर्ती महिला मरीजों और नवजात शिशुओं को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और HDU के अंदर भी कोई नुकसान नहीं हुआ।
दरअसल, घटना मुरार जिला अस्पताल के प्रसूति गृह की है, जहां HDU के इलेक्ट्रिसिटी MCB बॉक्स में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही अस्पताल में मौजूद स्टाफ सक्रिय हुआ और एहतियात के तौर पर HDU में भर्ती महिला मरीजों और नवजात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना से अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि HDU के अंदर किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ और किसी के हताहत होने की जानकारी भी सामने नहीं आई है।
हालांकि अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि मौके पर नर्सिंग स्टाफ द्वारा गीजर को ऑन कर ऑफ करना भूल गए। जिसके चलते आग बहुत ज्यादा अंदर दिखाई दी और भर्ती मरीज और उनके अटेंडर को लगा कि मौके पर आग लग गई। गलतफहमी के चलते अफरा तफरी की स्थिति बनी लेकिन कोई भी हानि नहीं हुई। जच्चा और बच्चा जो HDU में भर्ती थे वह सभी सुरक्षित हैं। जिला अस्पताल प्रबंधन आग लगने जैसे माहौल की वजह और गीजर ऑन कर छोडने की लापरवाही की भी जांच कर रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने बिजली के MCB बॉक्स में आग लगने की बात को सिरे से नकार दिया है।
वहीं कलेक्टर ऑफिस ने इस मामले में बताया कि जिला चिकित्सालय में आग लगने की कोई घटना नहीं हुई। सिविल सर्जन ने अफवाह का खंडन करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय मुरार की एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) में आग लगने की कोई घटना नहीं हुई है।
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. सीमा जायसवाल ने आग लगने की अफवाह का स्पष्टत: खंडन किया है। उन्होंने बताया कि एचडीयू के स्टाफ वॉसिंग एरिया में लगे गीजर के पाइप चटकने से निकलने वाली भाप के कारण धुआं जैसा दृश्य दिखाई दिया, जिसे कुछ मरीजों के अटेंडरों ने भ्रमवश आग लगने की घटना समझ लिया। उन्होंने सभी से इस प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। एचडीयू में भर्ती सभी मरीजों का सुचारू रूप से आम दिनों की तरह उपचार चल रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

