रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन को आज अंतिम विदाई दी जाएगी। मोरहाबादी स्थित गुरुजी आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया उनका पार्थिव शरीर अब अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ रवाना हो गया है। नेमरा में ही आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मोरहाबादी स्थित आवास पर रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए परिवार के सदस्यों, झामुमो नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, बेरमो विधायक अनूप सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता और धनबाद सांसद ढुल्लू महतो समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने दी श्रद्धांजलि
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार गुरुवार को मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचे और रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति और धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
राज्य सरकार के मंत्री चमरा लिंडा और दीपिका पांडेय सिंह, सांसद विजय हांसदा और ढुल्लू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और चंपाई सोरेन, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो समेत कई विधायक, पूर्व मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोगों ने रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी।
बसंत सोरेन के रांची पहुंचने पर संशय
रूपी सोरेन के छोटे बेटे और दुमका विधायक बसंत सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए रांची पहुंचने को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के अनुसार, बसंत सोरेन इस समय सिंगापुर में हैं। उनके रांची आने को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। इससे पहले उनके गुरुवार सुबह करीब 9 बजे तक रांची पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी।

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी और तेजस्वी यादव ने जताया शोक
रूपी सोरेन के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी शोक व्यक्त किया। सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रूपी सोरेन के निधन को दुखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

पीएम मोदी ने संताली भाषा में दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने संताली भाषा में श्रद्धांजलि देते हुए रूपी सोरेन के निधन पर गहरा दुख जताया और कहा कि उन्होंने जनजातीय समुदायों के सशक्तीकरण के लिए लगातार काम किया।
प्रधानमंत्री ने शोक की इस घड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

