रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन की तबीयत में मंगलवार को एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सोमवार को उनकी सेहत में सुधार की जानकारी सामने आई थी, लेकिन मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद डॉक्टरों की टीम सक्रिय हो गई। इलाज कर रहे चिकित्सकों के अलावा अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों से भी परामर्श लिया गया।

ब्रेन और किडनी से जुड़ी परेशानी की बात

मीडिया रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से रूपी सोरेन को ब्रेन और किडनी से जुड़ी परेशानी होने की बात कही गई है। विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अस्पताल की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन सार्वजनिक नहीं किया गया है।

हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन अस्पताल पहुंचे

रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन मंगलवार को रांची के हिल व्यू हॉस्पिटल पहुंचे। दोनों ने इलाज कर रहे डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और उपचार को लेकर चर्चा की। रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों देर शाम तक अस्पताल में मौजूद रहे।

हैदराबाद शिफ्ट करने की चर्चा, फिलहाल रांची में इलाज

मंगलवार शाम रूपी सोरेन को बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद ले जाने की चर्चा सामने आई थी। हालांकि, डॉक्टरों की सलाह के बाद फिलहाल उन्हें हैदराबाद शिफ्ट नहीं किया गया है। उनका इलाज अभी बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, रांची में ही चल रहा है।

सांस लेने में परेशानी के बाद हुई थीं भर्ती

गौरतलब है कि 18 सितंबर को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ी थी। उन्हें सांस लेने में परेशानी के बाद हिल व्यू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती उपचार के बाद सोमवार को उनकी सेहत में सुधार की खबर सामने आई थी, लेकिन मंगलवार को फिर स्थिति में बदलाव हुआ।