रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार गुरुवार, 8 अक्टूबर को उनके पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ में किया जाएगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से जारी सूचना के अनुसार, रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर सुबह 9 बजे नेमरा ले जाया गया,जहां दोपहर 12 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। नेमरा सोरेन परिवार का पैतृक गांव है।
7 अक्टूबर को हुआ निधन
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पार्टी की केंद्रीय उपाध्यक्ष रूपी सोरेन का निधन 7 अक्टूबर 2026 को हुआ। उनके निधन पर झामुमो और शोकाकुल परिवार की ओर से अंतिम जोहार और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई है।
रूपी सोरेन के निधन के बाद नेमरा में अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इससे पहले दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन का भी अंतिम संस्कार नेमरा में ही किया गया था। झारखंड सरकार की आधिकारिक जानकारी में भी नेमरा को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पैतृक गांव बताया गया है।
सिंगापुर में हैं बसंत सोरेन
इधर, रूपी सोरेन के छोटे बेटे और हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन के सिंगापुर में होने की जानकारी सामने आई है। उन्हें मां के निधन की सूचना मिल चुकी है और उनके गुरुवार को रांची पहुंचने की बात कही जा रही है।
हालांकि, बसंत सोरेन के पहुंचने तक अंतिम संस्कार रोके जाने या समय में बदलाव को लेकर अभी कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। फिलहाल पार्टी की ओर से अंतिम संस्कार का समय दोपहर 12 बजे ही बताया गया है।
मां के निधन से भावुक हुए हेमंत सोरेन
रूपी सोरेन के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर अपनी मां को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा—
“बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं। आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गयीं। मां….”
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार में शोक की लहर है। झारखंड के कई नेताओं और मंत्रियों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। झामुमो परिवार और शोकाकुल परिजनों की ओर से उन्हें अंतिम जोहार और भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई है।

