रूस ने यूक्रेन पर हाल के महीनों का सबसे बड़ा हवाई हमला करते हुए राजधानी कीव समेत कई शहरों को निशाना बनाया। यूक्रेन का दावा है कि बीती रात रूस ने करीब 600 ड्रोन और 90 मिसाइलें दागीं। इस दौरान परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम ‘ओरेश्निक’ हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल का भी इस्तेमाल किया गया, जिसकी पुष्टि रूस ने खुद की है।
सोशल मीडिया और यूक्रेनी मीडिया में सामने आए वीडियो में कीव में मिसाइल गिरने के बाद जोरदार धमाके और आग के विशाल गुबार दिखाई दे रहे हैं। हमले के बाद पूरी रात राजधानी में सायरन बजते रहे और लोग जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों तथा बंकरों में शरण लेते नजर आए।
कई इमारतें तबाह, 4 लोगों की मौत
यूक्रेनी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कीव के लुकिआनिवस्का मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और स्थानीय बाजार पूरी तरह तबाह हो गए। इसके अलावा कई रिहायशी मकान, स्कूल, छोटे कैफे और व्यावसायिक इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हमलों में कम से कम 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं।
रूस ने बताई कार्रवाई की वजह
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि यह हमला रूस के भीतर नागरिक बुनियादी ढांचे पर हुए यूक्रेनी “आतंकी हमलों” के जवाब में किया गया। मंत्रालय ने यह भी पुष्टि की कि हमले में ओरेश्निक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया गया, जो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम मानी जाती है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी चिंता
रूस द्वारा अत्याधुनिक और परमाणु-सक्षम मिसाइल के इस्तेमाल के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता बढ़ गई है। फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron और European Union ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर गंभीर चिंता जताई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

