रूस के मिसाइल हमले में भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट उत्पादन इकाइयों को नुकसान पहुंचा है. यूक्रेन के क्रिवी रीह प्लांट पर हुए हमले में दो लोगों की मौत और 14 कर्मचारी घायल हो गए. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रूस के हमले के बाद यूक्रेन में लक्ष्मी मित्तल का आर्सेलर-मित्तल प्लांट आंशिक रूप से बंद हो गया. कंपनी ने कहा कि खोज और बचाव अभियान चल रहा है और घटनास्थल पर दमकलकर्मी, बचावकर्मी और मेडिकल टीम मौजूद हैं.
यह प्लांट यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के गृह शहर में स्थित है और देश की सबसे बड़ी औद्योगिक इकाइयों में शामिल है.
रूस और यूक्रेन के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. चार साल से दोनों देशों के बीच चल रही जंग में रूस ने यूक्रेन के सबसे बड़े स्टील प्लांट को निशाना बनाया और उस पर मिसाइल हमला किया. सबसे बड़ी बात यह है कि यह प्लांट भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल कंपनी आर्सेलरमित्तल का है.
इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई वहीं 14 कर्मचारी जख्मी हुए हैं. इस रूसी हमले में बिजली उत्पादन और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़ी महत्वपूर्ण उत्पादन इकाइयों को नुकसान पहुंचा है. इसके चलते प्लांट की उत्पादन प्रक्रिया आंशिक रूप से बाधित हुई है. हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि हमले में प्लांट को कितना नुकसान पहुंचा है. यह हमला ऐसे समय हुआ है जब यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए थे.

मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिवी रीह पर हमला यूक्रेन में रातभर हुए व्यापक हमलों का हिस्सा था. इन हमलों में अन्य इलाकों में भी लोगों की मौत हुई. आर्सेलर-मित्तल क्रिवी रिह, यूक्रेन की सबसे बड़ी स्टील उत्पादक कंपनी है और देश की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में से एक है. यह प्लांट क्रिवी रिह में स्थित है, जो यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का गृहनगर है.
इस हमले से पहले यूक्रेन ने रूस पर सैकड़ों ड्रोन से हमला किया. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने रात भर में पूरे देश में 822 ड्रोन को रोका.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


