Sachin Pilot News: राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने जयपुर के वार्ड नंबर 97 स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में पायलट ने राजस्थान की भाजपा सरकार पर चुनाव टालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता निकाय चुनाव में सरकार के कामकाज का हिसाब बताएगी। पायलट ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर भी युवाओं, ड्रग्स और रोजगार के मुद्दे को लेकर निशाना साधा।

जनता बताएगी राजस्थान में कितना काम हुआ
वोट डालने के बाद सचिन पायलट ने कहा कि निकाय चुनाव यह तय करने का मौका है कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में कितना काम किया। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर निकाय चुनाव हो रहे हैं। पायलट ने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव टालने के लिए कई बहाने बनाए। उन्होंने कहा कि अभी ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। फिलहाल केवल नगरीय निकाय चुनाव हो रहे हैं।
पायलट ने दावा किया कि कांग्रेस ने चुनाव में मजबूती से प्रचार किया है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया। प्रत्याशियों के चयन से लेकर चुनाव प्रभारियों की जिम्मेदारी और प्रचार अभियान तक सभी ने मिलकर काम किया है। उन्होंने निकाय चुनाव में कांग्रेस के बढ़त हासिल करने का भरोसा जताया।
विकास और कानून-व्यवस्था पर भाजपा सरकार को घेरा
सचिन पायलट ने राजस्थान के शहरों में विकास कार्यों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले जिस तरह शहरों में विकास कार्य होते थे, उनमें अब ठहराव दिखाई दे रहा है।
उन्होंने जयपुर सहित प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। पायलट ने जयपुर के सेंट्रल पार्क से दिनदहाड़े एक व्यक्ति के कथित अपहरण का जिक्र करते हुए कहा कि अगर राजधानी में ऐसे हालात हैं तो ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पंजाब में कांग्रेस की वापसी का दावा
पंजाब का प्रभारी बनाए जाने के सवाल पर पायलट ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के साथ-साथ देश के लिए भी महत्वपूर्ण राज्य है। सीमावर्ती राज्य होने के साथ यहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में पंजाब के प्रमुख नेताओं से मुलाकात हुई है। जल्द ही पंजाब जाकर औपचारिक रूप से चुनावी अभियान शुरू किया जाएगा। पायलट ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से भी पंजाब पहुंचकर चुनाव अभियान की शुरुआत करने का आग्रह किया है।
AAP सरकार पर लगाया जनता की अनदेखी का आरोप
पायलट ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपने कार्यकाल में जनता के मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया और केंद्रीय नेतृत्व को संरक्षण देने में लगी रही।
उन्होंने पंजाब में ड्रग्स को सबसे बड़े मुद्दों में से एक बताया। पायलट ने आरोप लगाया कि राज्य में खुलेआम ड्रग नेटवर्क और कार्टल बने हुए हैं और इन्हें रोकने के लिए सरकार में इच्छाशक्ति की कमी है। उन्होंने कहा कि कार्यकाल खत्म होने के समय अब बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं।
ड्रग्स कहां से आ रहे हैं, जिम्मेदारी किसकी?
पायलट ने ड्रग्स के मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार को भी घेरा। उन्होंने कहा कि देश में ड्रग्स कहीं न कहीं से आते हैं और सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र की है। उन्होंने सवाल उठाया कि गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय इस दिशा में क्या कर रहे हैं। पायलट ने दावा किया कि देश में बड़ी मात्रा में ड्रग्स और कोकीन की बरामदगी हुई है। उन्होंने कहा कि जो खेप पकड़ी गई है, उससे देश में पहुंचने वाले ड्रग्स की मात्रा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पंजाब में कांग्रेस मजबूत विकल्प बनेगी
पायलट ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था सुधारना और ड्रग्स पर प्रभावी रोक लगाना प्रमुख मुद्दे हैं। उन्होंने बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि पंजाब के युवा कनाडा, अमेरिका और यूरोप क्यों जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गांव के गांव खाली हो रहे हैं। पायलट ने दावा किया कि पंजाब में जब भी कांग्रेस की सरकार रही, हालात बेहतर हुए। उन्होंने पार्टी के भीतर गुटबाजी के सवाल पर कहा कि नेताओं की अलग-अलग मुद्दों पर राय हो सकती है, लेकिन सभी ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में मिलकर चुनाव लड़ने का भरोसा दिया है।
पढ़ें ये खबरें
- BRICS Business Forum: ब्रिक्स नेताओं के सामने PM Modi बोले- चार से 21 देशों का परिवार बना BRICS, ग्लोबल GDP में बढ़ी हिस्सेदारी
- AITA महासचिव पद के चुनाव में उतरेंगे गुरुचरण सिंह होरा, भारतीय टेनिस को नई दिशा देने का संकल्प
- विकसित भारत 2047: हर नागरिक बनेगा इस महा-मिशन का हिस्सा, CM धामी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ का किया ऐलान
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को मिली अपर आयुक्त राजस्व की जिम्मेदारी, आदेश जारी
- BMW के नए ब्रांड एंबेसडर बने Ranveer Singh



