सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जमीन को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और जिला अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने सागर-खुरई मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। यह पूरा मामला मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमावनी का है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम अमावनी निवासी नंदराम पटेल का गांव में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि विवादित जमीन पर कुछ लोग जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। घटना वाले दिन अचानक 8 से 10 लोग बाइक से वहां पहुंचे और जमीन पर लगी लकड़ियों की बल्लियां उखाड़कर फेंकने लगे। जब नंदराम पटेल ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो आरोपी भड़क गए और गालीगलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने नंदराम पटेल के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने बल्ली, डंडे और तलवार से हमला किया, जिससे नंदराम गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना के दौरान शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया और घायल नंदराम पटेल को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के चलते उनका लगातार इलाज चल रहा था, लेकिन शुक्रवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एकत्रित हो गए। माहौल तनावपूर्ण होने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

चक्काजाम कर कार्रवाई की मांग

इधर, घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सागर-खुरई मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी सड़क पर शव रखकर बैठ गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए और सड़क से जाम हटाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m