उमेश यादव, सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना से एक रोंगटे खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लॉज के कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिले बीटेक छात्र की मौत के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच और मृतक के मोबाइल रिकॉर्ड से साफ हुआ है कि छात्र अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगों और लोन एजेंट्स के जाल में फंसकर भंयकर ब्लैकमेलिंग का शिकार हो रहा था जिससे तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम पर ‘तंत्र-मंत्र’ का बड़ा खेल: बिक रहे थे वन्यजीवों के अवशेष, 6 महीने में 4 करोड़ का लेनदेन!

लक्ष्मी लॉज के कमरा नंबर 103 में मिला शव

मृतक की पहचान अशोकनगर जिले के औडेर गांव निवासी अमन प्रजापति के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 21 साल है। अमन सागर विश्वविद्यालय में बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र था। शुक्रवार देर शाम वह बीना की छोटी बजरिया स्थित लक्ष्मी लॉज में रुका हुआ था।

लॉज संचालक राजू सोनकर ने बताया कि अमन ने कमरा नंबर-103 बुक कराया था और सुबह प्रयागराज जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए समय पर जाने को कहा था। सुबह जब कर्मचारी उसे जगाने पहुंचा तो कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर अमन का शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मोबाइल ने उगला राज: पाकिस्तानी नंबरों से कॉल्स और लोन एजेंट्स का टॉर्चर

अमन की मौत के बाद जब उसके भाई सुनील प्रजापति और परिजनों ने उसके मोबाइल की शुरुआती जांच की तो पैरों तले जमीन खिसक गई।

पाकिस्तानी नंबरों से ब्लैकमेलिंग: अमन के फोन में +92 यानि पाकिस्तान के कोड वाले नंबरों से लगातार कॉल्स और चैट के रिकॉर्ड मिले हैं। इन कॉल्स के जरिए साइबर ठग उसे जाल में फंसाकर पैसे ऐंठ रहे थे और ब्लैकमेल कर रहे थे।

लोन एजेंट्स की प्रताड़ना: मोबाइल में कई ऐसे सबूत भी मिले हैं कि अलग-अलग ऑनलाइन लोन ऐप्स के रिकवरी एजेंट उसे लगातार फोन कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। अमन ने इस भारी मानसिक दबाव के बारे में अपने परिवार को कभी कुछ नहीं बताया था।

ये भी पढ़ें: दोस्तों ने ही लूटी युवक की कार: FIR और CCTV के समय में 2 घंटे का झोल, सट्टा कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

मोबाइल जब्त, साइबर सेल करेगी जांच

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक का मोबाइल फिलहाल लॉक है, जिसे फॉरेंसिक और साइबर सेल की जांच के लिए जब्त किया गया है। पाकिस्तानी नंबरों से आई कॉल्स, चैट और लोन एजेंट्स के पूरे प्रताड़ना नेटवर्क की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि इस अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m