राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बड़ा एवं विनायका क्षेत्र में चर्चित जहरीली शराब प्रकरण के मुख्य आरोपी और 30,000 रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मालथौन थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में मनीष लोधी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका एक साथी भी घायल हुआ है।

तड़के 3 बजे घेराबंदी, पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इनामी आरोपी की धरपकड़ के लिए सागर पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही थी। 23 सितंबर की तड़के करीब 3 बजे मालथौन क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी पर पुलिस टीम का सामना बदमाशों से हो गया। खुद को घिरता देख मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से 30 हजार का इनामी बदमाश मनीष लोधी घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, मौके से भागने की कोशिश कर रहा उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

हथियार और कारतूस बरामद

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 देशी कट्टे, 5 खाली और जिंदा कारतूस और एक बेसबॉल डंडा जब्त किया है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m