सहारनपुर. कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद गिराए जाने के विरोध में पहुंचीं यूट्यूबर हुदा जरीवाला को सहारनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, उन्होंने मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रशासन पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. सोमवार शाम वह सर्किट हाउस पहुंचीं और अंदर जाने की कोशिश कर रही थीं, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
इसे भी पढ़ें- ‘सर तन से जुदा’ नारा कानून और देश की एकता को चुनौती: हाईकोर्ट, तौकीर रजा की जमानत खारिज
बयान को लेकर थाने में शिकायत
हुदा जरीवाला ने दो दिन पहले एक वीडियो में मस्जिद को गिराए जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे. उन्होंने इसे ‘क्रिमिनल एक्टिविटी’ बताते हुए कहा था कि मुस्लिम समाज चुप नहीं बैठेगा. वीडियो सामने आने के बाद अधिवक्ता दुष्यंत सिंह ने सोमवार सुबह सदर बाजार थाने में उनके खिलाफ शिकायत दी. वकील ने आरोप लगाया कि उनके बयान से लोगों में आक्रोश पैदा हुआ.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर हुदा जरीवाला के खिलाफ कार्रवाई की है. मामले की जांच की जा रही है. हुदा पहले आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता रह चुकी हैं और बीबीसी लंदन में भी काम कर चुकी हैं. वर्तमान में वह खुद को सामाजिक कार्यकर्ता और यूट्यूबर बताती हैं.
5 सितंबर को गिराई गई थी मस्जिद
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को प्रशासन ने अवैध बताते हुए 5 सितंबर को ध्वस्त कराया था. प्रशासन के अनुसार कोर्ट के आदेश के बाद छह बुलडोजर से करीब 16 घंटे तक कार्रवाई चली. मलबा हटाने के दौरान नीचे कुएं जैसी संरचना मिली, जिसकी जांच एएसआई ने की. प्रारंभिक तौर पर इसे करीब 200 से 250 साल पुराना बताया गया है.
इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी का दो दिवसीय रायबरेली दौरा आज से, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
कोर्ट के आदेश के बाद हुई कार्रवाई
मस्जिद को अवैध बताते हुए फरवरी 2025 में शिकायत की गई थी. जांच के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की. 16 जुलाई 2026 को सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट ने मस्जिद हटाने और 6.41 करोड़ रुपये हर्जाना वसूलने का आदेश दिया था. बाद में जिला कोर्ट में चुनौती दी गई. 2 सितंबर को जिला जज की अदालत ने ध्वस्तीकरण आदेश बरकरार रखते हुए याचिका खारिज कर दी. मस्जिद पक्ष के वकील ने हाईकोर्ट जाने की बात कही है.



