सहारनपुर. कलेक्ट्रेट परिसर में 5 सितंबर को मस्जिद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. सोमवार (7 सितंबर 2026) को समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और एआईएमआईएम से जुड़े प्रतिनिधियों के सहारनपुर पहुंचने की बात सामने आई है. एक ही दिन में विपक्षी दलों के कई नेताओं के पहुंचने से पुलिस-प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है.
इसे भी पढ़ें-UP Weather Alert: 58 जिलों में बारिश का अलर्ट, 6 में बहुत भारी बारिश; 26 जिले बाढ़ की चपेट में
सपा का 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचेगा
समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर के लिए 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया है. इसमें कैराना सांसद इकरा हसन, मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक, राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रुद्रसेन, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, विधायक अतुल प्रधान, आशु मलिक, उमर अली खान और रामअवतार सैनी शामिल हैं. इनके अलावा एमएलसी किरन पाल कश्यप और पूर्व विधायक माविया अली समेत अन्य नेता भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे.
अधिकारियों से मुलाकात कर मांगी जाएगी जानकारी
सपा प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात करेगा. पार्टी नेताओं का कहना है कि वे मस्जिद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई और उससे जुड़े प्रशासनिक व न्यायिक कदमों की जानकारी लेंगे. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा.
AIMIM ने हाउस अरेस्ट का लगाया आरोप
AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने मेरठ में दावा किया कि उनकी पार्टी के वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर जाने वाला था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रात में ही हाउस अरेस्ट कर लिया. उन्होंने इसे मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी कानूनी पहलुओं को समझने के लिए सहारनपुर जाना चाहती थी. उन्होंने न्यायपालिका और संविधान पर भरोसा जताया.
16 घंटे चली बुलडोजर कार्रवाई
शनिवार को करीब 16 घंटे तक बुलडोजर चलाकर मस्जिद ढहाई गई और रविवार सुबह तक मलबा हटाया गया. प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद की गई. वहीं मस्जिद पक्ष का आरोप है कि उसे हाईकोर्ट में अपील का पर्याप्त मौका नहीं दिया गया. मस्जिद पक्ष ने कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट जाने की बात कही है.
इसे भी पढ़ें- बसपा से फिर निकाले जाएंगे आकाश आनंद? मायावती ने कहा अनफॉलो करो, 4 दिन में दो बार बदला बायो
मुस्लिम धर्मगुरुओं और मस्जिद पक्ष का दावा है कि मस्जिद करीब 100 साल पुरानी थी और करीब 70 साल पुराने वक्फ दस्तावेजों में भी इसका उल्लेख है. ऐसे में सोमवार को विपक्षी नेताओं के दौरे के बीच सहारनपुर में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.



