सहारनपुर के कुतुबशेर थाना क्षेत्र में निकाह से पहले दुल्हन ने दूल्हे को पहचानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद बरातघर में विवाद हो गया. पुलिस जांच में लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने उसे अपनी कस्टडी में ले लिया.

सहारनपुर. कुतुबशेर थाना क्षेत्र के एक बरातघर में गुरुवार रात निकाह से ठीक पहले विवाद हो गया. दुल्हन ने दूल्हे को देखकर शादी करने से इनकार कर दिया और कहा कि शादी तय करते समय उसे जिस युवक की तस्वीर दिखाई गई थी, बरात में पहुंचा युवक वह नहीं है.

दुल्हन के इस आरोप के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर निकाह की रस्में रोक दी गईं और सूचना मिलने पर कुतुबशेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची.

बरातघर में हुआ विवाद

गुरुवार रात मंडी थाना क्षेत्र के धोबीवाला मोहल्ले से बरात कुतुबशेर थाना क्षेत्र स्थित बरातघर पहुंची थी. निकाह की तैयारियां चल रही थीं, इसी दौरान दुल्हन की नजर दूल्हे पर पड़ी और उसने उसे पहचानने से इनकार कर दिया.

दुल्हन ने आरोप लगाया कि रिश्ता तय करते समय उसे जिस युवक की तस्वीर दिखाई गई थी, बरात लेकर पहुंचा युवक अलग है. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कथित दूल्हे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

दो महीने पहले तय हुआ रिश्ता

पुलिस शादी तय होने, दूल्हे की तस्वीर दिखाए जाने और बरात में पहुंचे युवक की पहचान समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद लड़की की शादी तय हुई थी.

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शादी किस युवक से तय हुई थी, लड़की को किस युवक की तस्वीर दिखाई गई थी और बरात में दूल्हे के रूप में कौन युवक पहुंचा था. इस संबंध में दोनों पक्षों के उन लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, जो शादी तय कराने की प्रक्रिया में शामिल थे.

जांच में नाबालिग मिली लड़की

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस को लड़की की उम्र को लेकर संदेह हुआ. इसके बाद उसकी उम्र से जुड़े दस्तावेजों और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच कराई गई.

जांच में लड़की के नाबालिग होने की बात सामने आई. इसके बाद बाल संरक्षण तंत्र को सूचना दी गई और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची.

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने नाबालिग लड़की को अपनी कस्टडी में ले लिया है. पुलिस अब निकाह से जुड़े पूरे घटनाक्रम और दूल्हे की पहचान को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है.