विकास कुमार, सहरसा। सहरसा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 में निजी जमीन पर करीब 25 लाख रुपये की सरकारी राशि से नाला निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर नगर निगम की पूर्व उपसभापति रंजना सिंह ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
निजी जमीन पर नाले का निर्माण
रंजना सिंह ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि वार्ड नंबर 34 के मारूफगंज, पुरानी जेल से आगे मुख्य सड़क पर बटराहा जाने वाले मार्ग में शिव मंदिर के बगल स्थित अनिल यादूका के कैंपस के अंदर नगर निगम की ओर से करीब 25 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जिस जमीन पर नाला बनाया जा रहा है, वह निजी जमीन है।
सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप
पूर्व उपसभापति के मुताबिक, अनिल यादूका के कैंपस के बाहर मुख्य गेट लगा हुआ है और अंदर करीब एक बीघा जमीन है। इसी परिसर के अंदर सहरसा नगर निगम की ओर से नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने इसे सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला बताते हुए तत्काल जांच की मांग की है।
रंजना सिंह का कहना है कि जिस राशि से निजी परिसर में नाला निर्माण कराया जा रहा है, अगर उसी राशि का इस्तेमाल पुरानी जेल के आसपास मुख्य सड़क पर होने वाले जलजमाव को दूर करने में किया जाता, तो आम लोगों को काफी राहत मिल सकती थी। उन्होंने कहा कि इस इलाके में सड़क पर करीब दो फीट तक पानी जमा हो जाता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
डीएम से जांच और कार्रवाई की मांग
पूर्व उपसभापति ने जिलाधिकारी से मामले की अविलंब जांच कराने, नाला निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे सरकारी राशि के संभावित दुरुपयोग को रोका जा सकेगा।
ये भी पढ़ें- DUSU में ABVP की जीत से BJP गदगद, संजय जायसवाल बोले- राहुल गांधी से देश का भला नहीं होगा



