तालझारी (साहिबगंज)। साहिबगंज के तालझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तालबन्ना गांव में 18 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विपोल मंडल के रूप में हुई है। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था युवक

स्वजनों के अनुसार, विपोल मंडल बुधवार रात करीब 8 बजे शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। रात करीब 12 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान घर से कुछ दूरी पर विपोल जमीन पर गिरा हुआ मिला। परिजनों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसके गले पर निशान भी मिले, जिसके बाद परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेज दिया है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे क्या कारण है और घटना में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।