मुकेश मेहता, बुधनी। नवरात्रि की शुरुआत से ठीक पहले मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सलकनपुर स्थित मां विजयासन धाम में आस्था का महासागर उमड़ने लगा है। नवरात्रि के पूर्व से ही दूर-दराज इलाकों से पैदल यात्राएं अब मां के दरबार में पहुंचने लगी है। भक्त ढोल-डीजे की थाप पर नाचते गाते और माता रानी के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु धाम की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे धाम के आसपास रास्तों में भक्तिमय और आलौकिक माहौल देखने को मिल रहा है।

दूर-दराज से सफर तय कर पहुंच रहे भक्त
जानकारी के मुताबिक यह भव्य पैदल यात्राएं बैतूल, बरेली सहित अन्य क्षेत्रों से आ रही हैं। भक्त 200 से 250 किलोमीटर तक का लंबा सफर पैदल तय कर मां विजयासन के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं और दर्शन कर संकल्प पूरा कर रहे हैं।

गौरतलब है कि नवरात्रि के पावन दिनों में सलकनपुर देवीधाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का मुख्य केंद्र बनता है, जहां देश-विदेश से आने वाले भक्त पहाड़ी चढ़कर मां के दर्शन करते हैं। नवरात्रि के शुरुआत से पहले ही मां विजयासन के दरबार में भक्ति का रंग गाढ़ा होता जा रहा है। पैदल यात्रियों की आस्था और जोश देखते ही बनता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

