कुंदन कुमार, समस्तीपुर। जिले के करपुरीग्राम थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में कुछ युवक किशोरी को घेरते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले में पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस वीडियो की सत्यता और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, किशोरी बांध के पास मोबाइल से रील बना रही थी। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने किशोरी के साथ छेड़खानी की और उसके विरोध करने के बावजूद उसका पीछा करते रहे। वीडियो में किशोरी खुद को बचाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। वह युवकों का विरोध करने के साथ अपने भाई को बुलाने की बात भी कहती सुनाई दे रही है। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने उसे जबरन अपने साथ ले जाने या घसीटने का प्रयास किया।

घटना का वीडियो आया सामने

घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो पुलिस तक पहुंचने के बाद करपुरीग्राम थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

जानें क्या बोले एसपी

समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर नाबालिग के साथ छेड़खानी का वीडियो सामने आया है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को हिरासत में लिया है। एसपी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब वीडियो की पुष्टि करने के साथ घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे सभी युवकों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस के समक्ष औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है। जांच पूरी होने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।