Odisha Desk, कटक: कटक के ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम में खेले जा रहे ‘भारत मसाला ओडिशा टी-20 लीग सीएम ट्रॉफी’ में संबलपुर वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। एक बेहद रोमांचक मुकाबले में संबलपुर वॉरियर्स ने कटक पैंथर्स को 9 रन से पराजित किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी संबलपुर वॉरियर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 193 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। संबलपुर के कप्तान गौरव चौधरी ने आक्रामक बल्लेबाजी का मुआयना पेश करते हुए महज 46 गेंदों में 9 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 88 रनों की आतिशी पारी खेली।

उनका साथ सलामी बल्लेबाज शांतनु मिश्रा ने बखूबी निभाया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 135 रनों की मजबूत साझेदारी की। शांतनु ने 40 गेंदों में 60 रन बनाए। हालांकि, गौरव के आउट होने के बाद संबलपुर ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए, लेकिन टीम 193 रन तक पहुंचने में सफल रही। कटक पैंथर्स की ओर से अभिषेक सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट लिए।

194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कटक पैंथर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पावर-प्ले के अंदर ही टीम ने 4 विकेट गंवा दिए और भारी दबाव में आ गई। इसके बाद एम.जी. गोपाल और कार्तिक बिस्वाल ने पारी को संभाला। कार्तिक ने महज 28 गेंदों में 56 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर कटक को मैच में वापस ला दिया।

कार्तिक के आउट होने के बाद गोपाल ने एक छोर संभाले रखा, लेकिन दूसरे छोर से समर्थन न मिलने के कारण कटक पैंथर्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 184 रन ही बना सकी और 9 रन से मैच हार गई।

शानदार प्रदर्शन के लिए संबलपुर के कप्तान गौरव चौधरी को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। भारत मसाला के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ पांडा ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। वहीं ओसीए सदस्य शिबप्रसाद त्रिपाठी ने ओएम-टी मुंडे को ‘मोमेंट ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया। मैच के बाद गौरव चौधरी ने कहा कि प्रतियोगिता की शुरुआत जीत के साथ करना टीम के मनोबल को काफी बढ़ाता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H