उत्तर प्रदेश के संभल में पुलिस ने इरशाद अली के घर हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए पीड़ित की भाभी यानी जेठानी को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला के पास से चोरी किए गए करीब 18 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं.
संभल. जिले में पुलिस ने एक घर से लाखों रुपये के जेवरात गायब होने के मामले की गुत्थी सुलझा ली है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घर की ही बड़ी बहू को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला के कब्जे से करीब 18 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने बरामद किए गए हैं.
घर के भीतर ही रची गई साजिश
एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि बहजोई थाना क्षेत्र के अंतर्गत इरशाद अली के घर में लगभग 20 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की सूचना मिली थी. मामला दर्ज होने के बाद एसपी साउथ मनोज कुमार रावत, बहजोई सीओ स्तुति सिंह तथा थाना प्रभारी राजीव मलिक की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल से साफ हुआ कि वारदात के समय किसी भी बाहरी व्यक्ति का मकान में प्रवेश नहीं हुआ था.
पारिवारिक रंजिश बनी वजह
पुलिस ने जब परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की और फोन कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले तो घर के सदस्य की संलिप्तता का संदेह गहरा गया. गहनता से की गई जांच में सामने आया कि इरशाद अली की पत्नी महक ने ही अपनी देवरानी के गहनों पर हाथ साफ किया था. पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके अपने जेवर देवरानी को शादी के समय दे दिए गए थे, जिन्हें मांगने पर भी वापस नहीं लौटाया जा रहा था. इसी नाराजगी के कारण उसने चोरी की योजना बनाई और जेवरात छिपा दिए. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

