संभल. संभल के बहजोई थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर बम्नेटा गांव के पास बालू से लदे डंपर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई.

इसे भी पढ़ें- मुरादाबाद में 4 मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, टूटे बिजली पोल; मचा हड़कंप

दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत

हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत की सूचना है. वहीं, टेंपो में सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायलों की मदद में जुट गई. हादसे की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी गई.

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

सूचना मिलते ही बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया.

गंभीर घायलों को किया गया रेफर

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया है. पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही हादसा किस वजह से हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस डंपर और टेंपो से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.

इसे भी पढ़ें- मौत से सामनाः चलती बस में उठे आग के शोले, मची चीख-पुकार, जानिए फिर 32 यात्रियों का क्या हुआ…

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.