संभल के असमोली क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव स्थित निजी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्य दरवाजे का छज्जा गिरने से तीन बच्चे मलबे में दब गए. हादसे में कक्षा तीन के 10 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हैं.
संभल. जिले के असमोली क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव स्थित एक निजी स्कूल में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया. कार्यक्रम के बीच स्कूल के मुख्य दरवाजे का छज्जा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर तीन बच्चे मलबे में दब गए. हादसे में कक्षा तीन के 10 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हुए हैं.
शनिवार को स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा था. छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल थे. इसी दौरान कुछ बच्चे मुख्य दरवाजे के छज्जे पर चढ़कर कार्यक्रम देख रहे थे, तभी अचानक छज्जा भरभराकर नीचे आ गिरा.
मलबे में दबे बच्चे
छज्जा गिरने की आवाज सुनते ही स्कूल में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने मलबा हटाकर तीनों बच्चों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में चिकित्सकों ने कक्षा तीन के 10 वर्षीय छात्र को मृत घोषित कर दिया. हादसे में घायल दो अन्य बच्चों का उपचार कराया जा रहा है.
अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद संभल के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक छात्र के परिजनों से मुलाकात की.
मौके पर एसडीएम और तहसीलदार भी पहुंचे. पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की.


