गुरुग्राम। नोएडा के सुपरनोवा में 43वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड करने वाले गुरुग्राम निवासी संभव जैन (29) के मामले में पुलिस जांच में कई बड़े खुलासे हुए हैं। सुसाइड करने से ठीक पहले संभव अपने पिता विनय जैन के साथ लगातार वॉट्सऐप पर चैट कर रहा था। संभव ने पिता को हिंदी और अंग्रेजी में कई मैसेज भेजे थे, जिसमें एक मैसेज में उसने लिखा था- ‘पापा, अब आपको किसी को पैसे नहीं देने पड़ेंगे।’ पिता लगातार मैसेज में उसे ऐसा कदम न उठाने के लिए समझाते रहे और घर लौटने की विनती करते रहे।

रेलिंग से लटके युवक को बचाने की कोशिश

जिस समय संभव 43वीं मंजिल की रेलिंग से लटक रहा था, पास के कमरे में काम कर रहे एसी टेक्नीशियंश और दो अन्य युवकों (कुल 3 युवकों) ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की। वे उसे समझाते रहे, लेकिन संभव ने उनसे कहा- “मैं बहुत ज्यादा डिप्रेशन में हूं, अब जीना नहीं चाहता।” कुछ सेकंड के अंदर ही संभव ने रेलिंग से अपना हाथ हटा लिया और सीधे नीचे जमीन पर जा गिरा।

मोबाइल से मिला 2 मिनट का वीडियो

पुलिस को जांच के दौरान संभव के मोबाइल से लगभग दो मिनट का एक वीडियो भी बरामद हुआ है। यह वीडियो उसने घटना से ठीक पहले खुद रिकॉर्ड किया था। वीडियो में संभव ने अपनी आर्थिक परेशानी का जिक्र किया है। हालांकि उसने किसी भी व्यक्ति को अपनी इस मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

चेक-इन से लेकर कमरे तक की CCTV फुटेज सुरक्षित

मामले की जांच कर रही नोएडा सेक्टर-126 थाना पुलिस ने सुपरनोवा इमारत और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। पुलिस ने संभव के सुपरनोवा में चेक-इन करने से लेकर कमरे तक जाने की पूरी सीसीटीवी फुफुटेज को सुरक्षित कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने घटना के वक्त मौके पर मौजूद होटल कर्मचारियों और एसी टेक्नीशियनों से भी पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m